IPL 2025 का रोमांच जहां अपने चरम पर है, वहीं कप्तानों के लिए यह सीज़न कुछ खास मुश्किलों से भरा नजर आ रहा है। ओवर रेट को लेकर इस साल BCCI ने सख्ती दिखाई है और अब तक सात कप्तानों को इस नियम के उल्लंघन के चलते जुर्माना झेलना पड़ा है। सबसे ताज़ा मामला कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान श्रेयस अय्यर का है, जिन्हें पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में धीमी ओवर गति के लिए ₹12 लाख का जुर्माना भरना पड़ा है।
हाइलाइट्स
- अब तक IPL 2025 में 7 कप्तानों को स्लो ओवर रेट के लिए सज़ा
- शर्तों के उल्लंघन पर ₹12 लाख से लेकर ₹24 लाख तक के जुर्माने
- BCCI ने 2025 से लागू किया नया डिमेरिट पॉइंट और सस्पेंशन सिस्टम
किस कप्तान पर कितनी पड़ी महंगी धीमी गेंदबाज़ी?
IPL की ऑफिशियल रिलीज के मुताबिक, “यह इस सीज़न में श्रेयस अय्यर की टीम द्वारा पहला उल्लंघन था, इसलिए IPL कोड ऑफ कंडक्ट के अनुच्छेद 2.22 के तहत ₹12 लाख का जुर्माना लगाया गया।” श्रेयस ही नहीं, इस लिस्ट में कई और कप्तानों के नाम शामिल हैं जो या तो पहली बार जुर्माना भुगत चुके हैं या दोहराव के चलते बड़ी सज़ा का सामना कर रहे हैं।
हार्दिक पंड्या (मुंबई इंडियंस) – गुजरात टाइटंस के खिलाफ अहमदाबाद में हुए मैच में मुंबई की टीम स्लो ओवर रेट में फंसी। हार्दिक पर ₹12 लाख का जुर्माना लगा। इससे पहले वो पिछले साल के उल्लंघन के चलते इस सीज़न का पहला मैच मिस कर चुके थे।
रियान पराग (राजस्थान रॉयल्स) – संजू सैमसन की गैरमौजूदगी में कप्तानी करते हुए रियान पराग ने चेन्नई के खिलाफ गुवाहाटी में स्लो ओवर रेट का सामना किया। ये टीम की पहली गलती थी, लिहाज़ा ₹12 लाख का जुर्माना लगा।
ऋषभ पंत (लखनऊ सुपर जायंट्स) – मुंबई इंडियंस के खिलाफ घरेलू मैच जीतने के बावजूद, स्लो ओवर रेट के चलते पंत को ₹12 लाख की सज़ा भुगतनी पड़ी।
रजत पाटीदार (RCB) – मुंबई के खिलाफ जीत में स्लो ओवर रेट के कारण रजत पाटीदार को भी ₹12 लाख का झटका लगा। ये उनकी टीम की पहली गलती थी।
संजू सैमसन (राजस्थान रॉयल्स) – रियान पराग के बाद, जब संजू ने कप्तानी संभाली तो गुजरात के खिलाफ दोबारा स्लो ओवर रेट की गलती दोहराई गई। यह टीम की दूसरी गलती थी, जिससे संजू को ₹24 लाख और बाकी खिलाड़ियों को ₹6 लाख या मैच फीस का 25% भरना पड़ा।
अक्षर पटेल (दिल्ली कैपिटल्स) – मुंबई के खिलाफ दिल्ली में हुए मैच में स्लो ओवर रेट के कारण अक्षर को ₹12 लाख का जुर्माना झेलना पड़ा।
शुभमन गिल (गुजरात टाइटंस) – दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ स्लो ओवर रेट की वजह से शुभमन पर भी ₹12 लाख का जुर्माना लगा।
बदले हैं IPL के नियम, अब छोटी गलती की बड़ी सज़ा
IPL 2025 में ओवर रेट को लेकर BCCI ने नए नियम लागू किए हैं। अब खिलाड़ियों को सिर्फ जुर्माना ही नहीं, बल्कि डिमेरिट पॉइंट्स और सस्पेंशन पॉइंट्स का भी सामना करना होगा जो अगले 36 महीनों तक वैलिड रहेंगे। 2024 तक, तीन बार लगातार स्लो ओवर रेट की गलती पर कप्तान पर एक मैच का बैन लगता था। लेकिन अब हर बार जुर्माने के साथ-साथ डिमेरिट अंक भी जुड़ते हैं और बार-बार की गलती पर सज़ा और कठोर हो सकती है।
IPL का मौजूदा सीज़न जहां रोमांचक मैचों से भरा हुआ है, वहीं यह साफ है कि BCCI अब मैच की रफ्तार को लेकर किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त करने को तैयार नहीं है। कप्तानों को अब सिर्फ टीम के प्रदर्शन पर नहीं, बल्कि ओवर रेट पर भी बराबर ध्यान देना होगा — वरना जेब ढीली करना तय है।